विवाहिता की हत्या की कोशिश, छेड़छाड़ का भी आरोप
बुलंदशहर। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने गला घोंटकर विवाहिता को जान से मारने की कोशिश की। आरोप है कि ससुर ने उसके साथ छेड़छाड़ भी की। पीड़िता के मुताबिक थाने में तहरीर देने पर उसे भगा दिया गया। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने थाना सलेमपुर को घटना की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में महिला बताया कि 6 साल पूर्व उसकी शादी सलेमपुर कस्बा निवासी व्यक्ति से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर 9 मई को ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं उसके पति और ससुर ने चुन्नी से गला दबाकर हत्या की कोशिश भी की। अरोप है कि इस दौरान ससुर ने उसके कपड़े फाड़ दिए और अभद्रता की। मौके पर पहुंची उसकी देवरानी ने किसी तरह उसकी जान बचाई। इस दौरान 100 नंबर पर फोन किया गया लेकिन फोन नहीं मिला। इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची। जहां रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़िता दूसरे दिन दोबारा थाने पहुंची। लेकिन पुलिस ने फटकार कर थाने से भगा दिया। पीड़िता की शिकायत सुनने पर एसएसपी ने आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई के निर्देश सलेमपुर थाना प्रभारी को दिए हैं।