घर में घुसकर दबंगों ने की मारपीट
पहासू। सूरजावली गांव में दबंगों ने एक ग्रामीण के घर में घुसकर मारपीट की। आरोप है कि दबंगों ने घर का सामान फेंक दिया और घर में आग लगा दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर आरोपी भाग गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। शुक्रवार को गांव निवासी मुनेशचंद्र शर्मा अपने घर पर था। इसी दौरान गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोग पहुंचे और घर में घुस गए। आरोप है कि दबंगों ने मुनेशचंद्र के साथ मारपीट की और घर में रखा सामान तोड़फोड़ कर बाहर फेंक दिया। इसके बाद दबंगों ने घर में आग लगा दी। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। पीड़ित ने 100 नंबर पर मामले की सूचना दी। पुलिस जब तक पहुंची, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित का आरोप है कि तहरीर के बाद भी पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। वहीं थाना प्रभारी ने बताया घटना की जांच की जा रही है। ब्यूरो