पावर कारपोरेशन का 20 लाख रुपये का कैश लेकर फरार कैशियर पर विभागीय गाज गिर गई है। एक्सईएन ने आरोपी कैशियर को निलंबित करते हुए एमडी को रिपोर्ट भेज दी है।
वहीं, कैशियर को सात दिन के भीतर विभाग का पैसा लौटाने को नोटिस दिया गया है। पैसा नहीं देने पर गबन की रिपोर्ट और बर्खास्तगी की संस्तुति की जाएगी।
गौरतलब है कि अंसारी रोड कैश काउंटर का कैशियर मितेंद्र सागर बिजली बिल के करीब 20 लाख रुपये गबन कर गया। यह पैसा अक्तूबर माह के बिजली के बिलों का था।
पहले अफसर मामले को दबाने में जुटे रहे और आरोपी कर्मी को चेतावनी पत्र जारी करते रहे, मामला खुलते ही अफसर बैकफुट पर आ गए।
तीन दिन तक तो एफआईआर दर्ज कराने की बात कही जाती रही, मगर कराई नहीं गई। अफसर एक-दूसरे पर एफआईआर दर्ज कराने की बात कहकर टालते रहे।
वहीं एक्सईएन ने आरोपी कैशियर को सात दिन के भीतर विभाग का पैसा लौटाने का
अल्टीमेटम दिया है। पैसा नहीं लौटाने पर एफआईआर और बर्खास्तगी की चेतावनी
दी गई है।
शासन कहता है पहले एफआईआर
पावर कारपोरेशन में वित्तीय अनियमितता पर शासनादेश कहता है कि पहले आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए और इसके बाद जांच कर अगली कार्रवाई की जाए।
मगर बुलंदशहर में अब तक हुए मामलों में कहीं भी शासनादेश का पालन नहीं किया जाता। शासनादेश के विपरीत अफसर एफआईआर दर्ज कराने से हिचकते हैं।
बिल डिलीट मामले में भी तत्कालीन डीएम जीएस प्रियदर्शी की फटकार के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
नगर के अंसारी रोड कैश काउंटर से 20 लाख रुपये लेकर फरार कैशियर मितेंद्र सागर को निलंबित कर दिया गया है। कर्मी को चेतावनी दी गई है कि विभाग का पैसा सात दिन के भीतर विभाग में जमा करा दे। - डीसी शर्मा, एक्सईएन बुलंदशहर
सोमवार को एक्सईएन ने आरोपी कैशियर मितेंद्र सागर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट एमडी और एसई को भेज दी गई है।