संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव भाईपुरा के जंगल में युवक का शव मिला। युवक के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को अज्ञात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव भाईपुरा के जंगल से शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण निकल रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। मृतक के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान थे। युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतक की शिनाख्त करने की कोशिश की। आसपास के ग्रामीणों व अन्य थाना क्षेत्रों में भी मृतक की शिनाख्त करनी चाही। लेकिन, शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने अज्ञात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देहात कोतवाल दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी। जल्द ही मृतक की शिनाख्त कर ली जाएगी।