प्रेमी संग मिल पत्नी ने की थी पति की हत्या
अनूपशहर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अवैध संबंधों में बाधक बने युवक की हत्या पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी थी। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना तथा बयानों के आधार पर मृतक युवक की पत्नी व उसके प्रेमी सुरजीत हत्यारोपी हैं। और मुकदमा आत्महत्या से हत्या की धाराओं में तरमीम कर दिया गया है। पत्नी के अवैध संबंधों से परेशान होकर सोमवार देर रात फंदा लगाकर युवक द्वारा आत्महत्या किये जाने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस रिपोर्ट को लेकर परिजनों व ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ रोष था और मृतक के परिजनों ने बुलंदशहर में एसपी देहात से मिलकर पत्नी व सुरजीत पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगायी थी। पुलिस ने भी मामले की जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा मृतक के बेटे व परिजनों आदि के बयान के बाद मुकदमे में आत्महत्या की धाराओं को हत्या की धारा में तरमीम कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की विवेचना अब हत्या की धाराओं में की जायेगी।