नवदंपति ने जताई ऑनर किलिंग की आशंका
बुलंदशहर। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नवदंपति ने ऑनर किलिंग की आशंका व्यक्त की है। पीड़ित दंपति ने एसएसपी को संबोधित शिकायती पत्र एसपी सिटी को सौंप कर मामले में सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बता दें कि जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नवदंपति बुधवार दोपहर को एसएसपी कार्यालय पहुंचा। जहां उन्होंने एसपी सिटी से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने बताया कि वह जहांगीराबाद क्षेत्र के एक ही गांव के निवासी हैं। बीते कुछ वर्षों से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इस कारण बीते दिनों दोनों ने घर से भागकर प्रेम विवाह कर लिया। वहीं, अब नवदंपति लौट आया है। पीड़ित दंपति का आरोप है कि अब युवती पक्ष के लोग उन्हें हत्या की धमकी दे रहे हैं। नवदंपति ने आशंका जताई है कि आरोपी उनकी हत्या कर सकते हैं।