दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश के आरोप में रिपोर्ट दर्ज
अनूपशहर। विवाहिता की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न व जान से मारने के प्रयास के आरोप में ससुरालीजनों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव पहाड़पुर निवासी अंजली की शादी करीब ढाई साल पहले गांव खौना थाना खानपुर निवासी पुष्पेंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुरालीजनों ने कुछ समय बाद अतिरिक्त दहेज के लिये विवाहिता को प्रताड़ित कर दो लाख नगद व चार पहिया वाहन की मांग शुरू कर दी। इसके लिये उसके साथ मारपीट भी की जाने लगी। इस दौरान विवाहिता एक बच्चे की मां भी बन गई। दहेज को लेकर उत्पीड़न जारी रहा। विवाहिता का आरोप है कि जेठ ने गले में फंदा डालकर तथा सास ने मिट्टी का तेल डालकर जान से मारने का प्रयास किया था। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर पति पुष्पेंद्र, जेठ तथा सास व सुसर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।