सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को नहीं मिल रहा इंसाफ
बुलंदशहर। सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है। कोर्ट से आरोपियों के खिलाफ एनबीडब्ल्यू भी जारी हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। खुलेआम घूम रहे आरोपी पीड़िता को मुकदमा वापस न लेने पर हत्या की धमकी दे रहे हैं।
बीबीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा के साथ गत 16 अगस्त 2017 को लिफ्ट देने के बहाने पांच लोगों ने गुलावठी थाना क्षेत्र से अगवा कर लिया था। जिसके बाद आरोपियों ने छात्रा को नशीला पदार्थ सुंघाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। करीब सालभर की भागदौड़ के बाद गुलावठी थाना पुलिस ने जुलाई 2018 में मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। पीड़िता के अधिवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि प्रकरण में एक आरोपी परवेंद्र ने कोर्ट से जमानत करा ली थी। जबकि आरोपी विजय मास्टर, हितेश, अनिल व धर्मेंद्र ने चार्जशीट के खिलाफ स्टे लेने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। मामले में हाईकोर्ट ने याचिका को खारिज करते हुए आरोपियों को तीन सप्ताह के भीतर बुलंदशहर कोर्ट में हाजिर होने के आदेश 19 दिसंबर 2018 को दिए थे। आदेश के बावजूद आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हुए थे। मामले में 26 अप्रैल 2019 को कोर्ट ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी कर दिए थे। लेकिन, इसके बावजूद थाना पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। वहीं, अब आरोपी पीड़िता को मुकदमा वापस न लेने पर हत्या की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने एक बार फिर एसएसपी को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।