ग्राम प्रधान व उसकी मां को पीटा
शिकारपुर । कोतवाली क्षेत्र के गांव समनपुर में खेत की नाली के पानी की निकासी को लेकर बृहस्पतिवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष ने ग्राम प्रधान व उसकी मां को लाठी डंडों से पीटकर गंभीर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों का मेडिकल करा ग्राम प्रधान की तहरीर पर दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि समनपुर के ग्राम प्रधान विनोद कुमार पुत्र डंबर सिंह व नरेश आदि के बीच खेत की नाली के पानी की निकासी को लेकर विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार सुबह दोनों में इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिसके बाद नरेश पक्ष ने ग्राम प्रधान विनोद व उसकी मां ओमवती को लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया। ब्यूरो