किसान ने जहर खाकर दी जान
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव चोला में एक किसान ने शुक्रवार देर रात जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वहीं, पुलिस मामले की जानकारी होने से इंकार कर रही है। गांव में दो दिन के भीतर दो किसानों के द्वारा गृह क्लेश में आत्महत्या करने से मातम पसरा हुआ है। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव चोला निवासी नरेश कुमार (55) पुत्र करन सिंह गांव में ही खेती कर अपना व परिवार का पालन पोषण करते थे। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। इस कारण परिवार में भी कलह का माहौल बना हुआ था। शुक्रवार देर रात नरेश कुमार ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। परिजन इसके बाद उन्हें सीधा गांव ले गए और शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया।
चोला चौकी व देहात कोतवाली पुलिस मामले की जानकारी होने से इंकार कर रही है। वहीं, दूसरी ओर गांव में दो दिन के भीतर दो किसानों के द्वारा आत्महत्या करने से मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।