हत्यारोपी के मकान पर कुर्की का नोटिस चस्पा
औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव बीहरा के जितेंद्र हत्याकांड में पुलिस ने न्यायालय से निर्देश होते ही शुक्रवार को फरार आरोपी के मकान पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से निर्देश मिलने के बाद आरोपी के मकान की कुर्की की जाएगी।
बता दें कि गांव बीहरा निवासी जितेंद्र शर्मा की राशन डीलर के पति अशोेक शर्मा ने अपने बड़े भाई शिवकुमार के साथ मिलकर 10 सितंबर की देर शाम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के चाचा कैलाश शर्मा ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए थाने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना पुलिस ने हत्या के दूसरे दिन ही दो नामजद दो आरोपी अशोक और शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि तीसरा नामजद आरोपी तरुण पुत्र शिवकुमार घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। इसी मामले में पुलिस ने न्यायालय में आरोपी के मकान की कुर्की के लिए याचिका दायर की थी। न्यायालय के 82 के निर्देश जारी होने के बाद शुक्रवार को अगौता पुलिस ने गांव बीहरा पहुंचकर आरोपी के मकान पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया। अगौता इंस्पेक्टर नरेश चंद शर्मा ने बताया कि न्यायालय से आदेश मिलते ही आरोपी के मकान की कुर्की कर ली जाएगी।