घर की बिजली ठीक कर रहे युवक की करंट लगने से मौत
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार देर शाम एक युवक घर की बिजली सही करते समय करंट की चपेट में आ गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में आपस में ही किसी बात को लेकर विवाद भी हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव दरियापुर निवासी यशपाल सिंह यादव(35) किसी गाड़ी पर ड्राइवर की नौकरी कर अपना व परिवार का पालन पोषण करता था। बताया गया कि रविवार को त्योहार के बाद वह घर की बिजली सही कर रहा था। इस दौरान किसी तार में करंट उतर रहा था, जिसकी चपेट में आकर यशपाल बुरी तरह से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन, कुछ देर उपचार के बाद ही यशपाल की अस्पताल में मौत हो गई। यशपाल की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। इस दौरान परिवार के ही दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद भी हो गया था। हालांकि, उसे बाद में सुलटा लिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची देहात कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। भूड़ चौकी इंचार्ज महीपाल सिंह ने बताया कि युवक की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है, शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।