संदिग्ध हालात में गोली लगने से पशु व्यापारी मौत
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव चचरई स्थित शमशान घाट के पास मंगलवार सुबह संदिग्ध अवस्था में एक पशु व्यापारी का शव पड़ा मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
नगर के मोहल्ला पाठक निवासी सतेंद्र (26) पुत्र ऋषिपाल सिंह का कनपटी में गोली लगा शव मंगलवार की सुबह गंाव चचरई के पास बने श्मशान घाट के पास मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुची पुलिस ने शव के पास से एक तमंचा व एक मोबाइल बरामद किया। घटना की तह तक जाने के लिए स्थानीय पुलिस ने मौके पर फ ोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के बाबत साक्ष्य एकत्रित किए। फोरेंसिक टीम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने सतेंद्र के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बाबत कोतवाली प्रभारी जेके तिवारी ने बताया कि मृतक के पिता ऋषिपाल ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी हत्या कर शव को फेंकने के बाबत तहरीर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या प्रतीत होती है। पुलिस ने दोनों बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से भी तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। वहीं, सतेंद्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।