नरौरा और सिकंदराबाद में पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, दो गिरफ्तार
- दो बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में हुए सफल
- सिकंदराबाद में गिरफ्तार बदमाश व्यापारी से रंगदारी में चल रहा था वांछित
- गिरफ्तार बदमाशों से लूट की दो बाइक, अवैध असलाह समेत अन्य सामान बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर/नरौरा/सिकंदराबाद
जिला पुलिस लगातार बदमाशों को अपनी गोली का निशाना बना रही है। बुधवार की रात नरौरा और सिकंदराबाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए। दोनों बदमाशों से चोरी की बाइक और अवैध असलाह समेत अन्य सामग्री बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जबकि दो आरोपी भागने में सफल रहे।
मुठभेड़: 1
नरौरा प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार की रात वह पिलखना नहर पुल के निकट चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कसेरकला की ओर से आ रही बाइक पर सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन युुवक बाइक तेज कर नहर की पटरी की ओर भगाने की कोशिश करने लगे, जिससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस को पास आता देखकर एक आरोपी ने फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। जबकि दो अन्य बदमाश भागने में सफल रहे। मुठभेड़ के बाद बदमाशों की तलाश में पुलिस ने कॉबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाश विनीत कुमार शर्मा पुत्र सतीश चंद निवासी डिरौरा विश्वनाथपुर थाना छतारी ने बताया कि उसके दोनों साथी कलवा उर्फ कृपाल पुत्र हरी सिंह निवासी डिरौरा विश्वनाथपुर व चंद्रपाल ने 19 मार्च को नरौरा में अधिवक्ता के साथ लूट की थी। पुलिस ने आरोपी बदमाश से लूटी गई बाइक, एटीएम कार्ड, एक बैग व एक 315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
मुठभेड़ में बाल बाल बचे पुलिसकर्मी
पिलखना नहर पुल पर पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस कर्मी बाल बाल बचे। इंस्पेक्टर महेन्द्र सिंह ने बताया कि बदमाशों की एक गोली पुलिस जीप के अगले शीशे में लगी, जिससे शीशा क्षतिग्रस्त होे गया।
मुठभेड़: 2
सिकंदराबाद के बीड़ी व्यापारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी 20 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने बृहस्पतिवार की तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एसआई अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार की रात में वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र के गांव कनकपुर में मूर्तियों की चेकिंग कर रहे थे। एसआई प्रमोद कुमार जेवर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तड़के करीब 4 बजे एक बाइक सवार ने पुलिस के रूकने का इशारा करने पर बाइक को खुर्जा रोड पर दौड़ा दिया। सूचना पर वह सिकंदराबाद की ओर निकल पड़े। ग्राम सराय दुल्हा के पास बाइक सवार ने अपने आप को घिरा देख बाइक को तेजी के साथ बिलसूरी को जाने वाले रास्ते की ओर मोड़ दिया। बाइक तेज गति से होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। बाइक सवार बाइक को छोड़कर खेतों की ओर भाग लिया। जब पुलिस ने घेराबंदी की तो उसने जान से मारने की नियत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद भी उसने फायरिंग की। बताया कि आत्म रक्षा के लिए किए गए जवाबी फायर में बदमाश के दाहिनी पैर में गोली लगी। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नगर के सराय झाझन निवासी संजय पुत्र दुलीचंद बताया। संजय नगर के बीड़ी व्यापारी नवीन जैन से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोपी था। आरोपी बदमाश पर पुलिस ने 20 हजार रूपये का इनाम घोषित किया था। बदमाश से पुलिस ने एक अवैध तमंचा तीन खोके, दो कारतूस, दो मोबाइल, दो सिम, एक बाइक बिना नंबर की बरामद की गई।
नाबालिग से रेप के आरोप में जा चुका है जेल
मुठभेड़ में गिरफ्तार संजय नाबालिग के साथ रेप के आरोप में वर्ष 2017 में भी जेल गया था। संजय ने खेत पर माता पिता के साथ गई आठ साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर रेप किया था। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर संजय के खिलाफ रेप, पोक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी। फिलहाल वह जमानत पर था।