घर से भागकर जा रही तीन किशोरियों को पकड़ा
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात घर से भागकर जा रही तीन किशोरियों गश्त कर रही पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस उन्हें थाने लेकर आई। यहां पुलिस उनके परिजनों को थाने बुलाकर तीनों किशोरियों को उनके हवाले कर दिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी दो सगी बहनों सहित तीन किशोरियां शुक्रवार रात करीब बारह बजे अपने गांव से पैदल ही औरंगाबाद की ओर आ रही थी। तभी रास्ते में बिजलीघर के पास गश्त कर रही पुलिस ने तीनों किशोरियों को रोक लिया और उनसे पूछताछ की। किशोरियों के जवाब देने पर पुलिस तीनों को थाने ले आई। यहां पूछताछ में किशोरियों ने बताया कि उनका किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी हो गई थी, जिसके चलते तीनों ने घर से भाग जाने का प्लान बनाया है। किशोरियों के पास से मिले बैग से कपड़े और राशन बरामद हुआ है। एसओ औरंगाबाद अनिल कुमार ने बताया कि तीनों किशोरियां परिजनों की डांट से क्षुब्ध थी। तीनों को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। ब्यूरो