संदिग्ध हालात में महिला की मौत
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजनगर में शुक्रवार देर शाम संदिग्ध हालात में एक महिला की मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति और उसके ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हापुड़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला महेशपुरी निवासी वीरपाल सिंह ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि वह अपनी पुत्री शुभांगी (26) की शादी दो वर्ष पूर्व बुलंदशहर के मोहल्ला राजनगर निवासी विकास तेवतिया पुत्र इंद्र सिंह के साथ की थी। शादी में उन्होंने हैसियत के हिसाब से काफी दान दहेज भी दिया था, लेकिन ससुराल वाले शादी में मिले दान दहेज से खुश नहीं थे। आरोप है कि वो शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर शुभांगी का उत्पीड़न कर रहे थे। शुक्रवार को होली के दिन भी आरोपी ससुराल वालों ने शुभांगी की हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। एसएसआई नगर कोतवाली संजीव कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला शुक्रवार शाम घर के बाथरूम में स्नान के लिए गई थी, जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।