पुलिस-बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, चार दबोचे
दो बदमाशों के पैर और एसओ खानपुर के हाथ में लगी गोली
चार बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर हो गए फरार
भड़काऊ पुलिया के निकट सोमवार रात हुई मुठभेड़
सेंट्रो कार, बाइक, नगदी और असलहा बरामद
फोटो समाचार...
अमर उजाला ब्यूरो
खानपुर। बेखौफ बदमाशों ने जिले में कोहराम मचा रखा है। बदमाश लगातार चोरी-लूट की वारदातें कर रहे हैं और पुलिस पर भी फायरिंग करने से नहीं हिचक रहे हैं। अमरपुर तिराहे पर सोमवार देर रात आठ बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को पैर में गोली लगी, जबकि एसओ खानपुर भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दो घायल बदमाशों समेत चार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार बदमाश फरार हो गए।
एसपी सिटी डा. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात नरसैना थाना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। भड़काऊ पुलिया के निकट पुलिस ने सामने से आ रही एक सेंट्रो कार व मोटर साइकिल को रुकने का इशारा किया, तो कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। नरसैना पुलिस ने सूचना कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम से सूचना फ्लैश होते ही खानपुर थाना पुलिस अमरपुर तिराहे पर पहुंची गई। पुलिस ने चारों ओर से बदमाशों की घेराबंदी कर ली। खुद को घिरता हुआ देख बदमाश कार व बाइक से उतरकर पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। बदमाशों की एक गोली खानपुर थाना प्रभारी हरिओम के बाएं हाथ में लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। जिनकी शिनाख्त सोनू पुत्र सतीश निवासी गांव कुराली थाना जानी मेरठ व मनोज पुत्र अतर सिंह निवासी फकौता थाना पिलखुआ जनपद हापुड़ के रूप में हुई। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर दो अन्य बदमाशों को भी दबोच लिया, जिनकी शिनाख्त आकाश पुत्र रविंद्र निवासी सपनावत थाना धौलाना व अनुराग पुत्र मुकेश निवासी ककरई थाना जहांगीराबाद के रूप में हुई। आरोपियों के चार अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सेंट्रो कार, एक बाइक, 70 हजार रुपये, 700 ग्राम चांदी, 10 मोबाइल फोन, चोरी की गई शराब की सात पेटी, चार तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
लूट-चोरी की वारदातों को अंजाम देता था गैंग
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न वारदातों को अंजाम देना कुबूल किया है। आरोपियों ने बीती 17 नवंबर को खानपुर क्षेत्र में सीमेंट व्यापारी से डेढ़ लाख की लूट की थी। आठ नवंबर को थाना नरसैना क्षेत्र में एक ज्वैलर्स से चांदी लूटी थी। 27 जनवरी को नई मंडी चौकी क्षेत्र स्थित जहांगीराबाद अड्डे के निकट शराब के ठेके पर नकबजनी कर 20 पेटी शराब चोरी की थी। मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर चोरी की थी। स्याना क्षेत्र से एक ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की थी।
वर्जन
पुलिस आरोपियों का पूरा आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है। साथ ही पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के आधार पर उनके फरार साथियों की तलाश में भी जुट गई है।
- डा. प्रवीन रंजन सिंह, एसपी सिटी