बाइकों की भिड़ंत में बाइक सवार की मौत
-सिकंदराबाद में जेवर तिराहे पर हुआ हादसा
सिकंदराबाद। बाइकों के आपस में टकरा जाने से एक बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। परिजनों ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला खत्रीवाड़ा निवासी मोनू ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे उसके पिता त्रिलोकी पुत्र सम्मन सिंह बाइक से डीजल लेने जा रहे थे। जैसे ही वह गुर्जर चौक पर पहुंचे सामने से आ रहे तेज गति बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें सीएचसी सिकंदराबाद में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।