कर्मचारी के घर हुई चोरी मामले में दो गिरफ्तार
बुलंदशहर। पुलिस कार्यालय में तैनात एक महिला कर्मचारी के घर में गत दिनों हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया है। दो आरोपी अभी भी फरार हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने अवैध असलहे भी बरामद किए हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ज्ञान लोक कालोनी निवासी महिला महेंद्री देवी ने गत 13 दिसंबर को एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि 10 दिसंबर को वह बच्चों के साथ रिश्तेदार की शादी में गई थी। 11 दिसंबर को जब वह घर पहुंची तो मकान का ताला टूटा था। घर से इंवर्टर-बैट्री, मोबाइल फोन, नगदी समेत अन्य सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। एसएसपी के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरु की। जिसमें पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर मऊखेड़ा फाटक के पास से दो युवकों को हिरासत में लिया। जिनकी शिनाख्त साजिद पुत्र साबिर व धर्मेंद्र पुत्र छोटेलाल के रुप में हुई। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों संग गत 10 दिसंबर की रात को महेंद्री देवी के घर के ताले तोड़कर चोरी की थी। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए इन्वर्टर-बैट्री व मोबाइल फोन बरामद किया है।