लक्की ड्रॉ के नाम पर मजदूर से ठगे 26 हजार रुपये
- आरोपी ने खुद को एक मोबाइल कंपनी का मैनेजर बता कर की ठगी
- पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव निवासी एक मजदूर के साथ शातिरों ने लक्की ड्रॉ की सिक्योरिटी के नाम पर हजारों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव कुदैना निवासी चंद्रपाल सिंह पुत्र तेज सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 16 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम श्रीवास्तव बताते हुए कहा कि वह एक मोबाइल कंपनी के लखनऊ कार्यालय से मैनेजर बोल रहा है। आरोपी फोन करने वाले ने पीड़ित से कहा कि आपके नंबर पर दीपावली का लक्की ड्रॉ निकला है। यदि आप कंपनी के बैंक खाते में सिक्योरिटी की रकम जमा करते हैं तो आपके खाते में 2.51 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। साथ ही कंपनी की ओर से आपको एक बाइक भी दी जाएगी। पीड़ित ने उसके बहकावे में आकर आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खाते में मंगलवार को 26 हजार रुपये जमा भी करा दिए। उसके बाद आरोपी ने दूसरे नंबर से फोन कर 25 हजार रुपये और जमा करने को कहा। बार-बार फोन पर आरोपी द्वारा रुपये जमा करने का दबाव बनाया गया तो पीड़ित को अपनी ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने देहात कोतवाली में मामले की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं देहात कोतवाल तपेश्वर सागर ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया जा रहा है।