मामूली कहासुनी पर युवक के साथ मारपीट
- बाल-बाल बचा पीड़ित, तहरीर पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
- पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सरायधारी निवासी युवक को आरोपी ने अपने साथियों के साथ मामूली बात पर जमकर पीट दिया। साथ ही जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की। आरोप है कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब पीड़ित ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
नगर के मोहल्ला सरायधारी निवासी मोहम्मद दानिश पुत्र इमत्याज ने एसएसपी को भेजे प्रार्थना पत्र में बताया कि मोहल्ला नरसलघाट निवासी एक युवक शराबी व जुआरी प्रवृत्ति का है। गत 14 अक्तूबर की शाम को पीड़ित पानी की टंकी ऊपर कोट से कहीं जा रहा था, इस दौरान आरोपी युवक ने उसे रोक लिया। साथ ही आरोपी युवक ने पीड़ित से 100 रुपये की मांग की। पीड़ित ने जब रुपये देने से इंकार कर दिया तो आरोपी ने उसके साथ जमकर अभद्रता की। स्थानीय लोगों व राहगीरों के आने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। आरोप है कि उसके बाद आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ अगले दिन 15 अक्तूबर को पीड़ित के घर में घुस आया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। पीड़ित के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और दो फायर किए। आरोप है कि पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।