महिला एसओ लाइन हाजिर
बुलंदशहर। खुर्जा देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी दो महिलाओं को अवैध रूप से हिरासत में रखकर मारपीट करना महिला एसओ को भारी पड़ा। ग्रामीणों के एसएसपी दफ्तर पर प्रदर्शन और धरने के बाद एसएसपी ने महिला एसओ को लाइन हाजिर कर दिया है।
खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव रूपवास पंचगाई निवासी दर्जनों ग्रामीण पीड़ित पक्ष के साथ मंगलवार सुबह एसएसपी दफ्तर पहुंचे और महिला थाना प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद लोग एसएसपी आफिस पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान पीड़ित बादल पुत्र नरपत सिंह ने एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि एक मुकदमा अनूपशहर थाने पर बीते दिनों पंजीकृत हुआ था। इसमें एक युवती का अपहरण दर्शाया गया था। मामले में पुलिस ने एक युवक को जेल भी भेज दिया था, जो कि पीड़ित का भाई है। बताया गया कि जो लड़की लापता थी, वह महिला थाना प्रभारी की रिश्तेदार है। इस कारण महिला थाना प्रभारी पीड़ित व उसके परिजनों से रंजिश मानती हैं। आरोप है कि बीते आठ नवंबर को महिला थाना प्रभारी पीड़ित की पत्नी सोनिया व भाई की पत्नी अन्नू को जबरन बिना कोई परमिशन अपने साथ ले आई थीं। महिला थाना प्रभारी ने 11 दिसंबर तक दोनों महिलाओं को अपने पास अवैध रूप से हिरासत में रखा था। इस दौरान दोनों महिलाओं की जमकर पिटाई भी की गई थी। इसमें दोनाें महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। मामले में खुर्जा देहात पुलिस ने भी रिपोर्ट लिखने से इंकार कर दिया था। मंगलवार को पीड़ित परिजनों व ग्रामीणों ने महिला थाना प्रभारी को हटाए जाने की मांग की। एसपी सिटी ने बताया कि महिला थाना प्रभारी रजनी चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।