मुठभेड़ में घायल बदमाशों का फरार साथी गिरफ्तार
सिकंदराबाद। पुलिस मुठभेड़ में बुधवार रात घायल बदमाशों के फरार साथी को पुलिस ने बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया।
लूट के इरादे से जा रहे कार सवार बदमाशों का महेपा जागीर राजवाहे पर मसौता की पुलिया पर पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई थी। इसमें मोहल्ला जसरूफ नगर थाना कोतवाली नगर जनपद हापुड़ निवासी सोनू पुत्र हरबूलाल, मोहल्ला मायापुरी गजरौला जनपद अमरोहा निवासी बिसंबर उर्फ भीम पुत्र बनारसीलाल, ग्राम देहली थाना जवा जनपद अलीगढ़ निवासी नसरूद्दीन पुत्र कासिम घायल हो गए थे। जबकि उनके दो साथी फरार हो गए थे। कोतवाल अवनीश कुमार गौतम ने बताया कि पुलिस ने बृहस्पतिवार रात खुर्जा रोड पर चौधरी कोल्ड स्टोर के पास से भानपुर खालसा गजरौला जनपद अमरोहा निवासी सोनू पुत्र रमेश को गिरफ्तार कर लिया। सोनू ने बताया कि वह मुठभेड़ के दौरान अपने एक अन्य साथी के साथ फरार हो गया था।