पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मासूम की मौत
जहांगीराबाद। नगर के मोहल्ला प्रभुदयाल में बृहस्पतिवार सुबह एक डेढ़ वर्षीय बच्ची खेलते समय पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नगर के मोहल्ला प्रभुदयाल निवासी मनोज गोयल फल कारोबारी हैं। उनकी एक-डेढ़ वर्ष की बेटी गौरी बृहस्पतिवार को पड़ोस के मकान में खेल रही थी। अचानक गौरी खेलते-खेलते नल के नीचे रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। किसी की नजर न पड़ने के चलते उसकी मौत हो गई। लोगों ने गौरी को जब पानी की बाल्टी में अचेत अवस्था में देखा तो परिजनों के होश उड़ गए। परिजन गौरी को लेकर स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचे। लेकिन, तब तक गौरी दम तोड़ चुकी थी। गौरी की मौत को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कारोबारी मनोज गोयल के घर पर शोक जताने वालों का तांता लगा हुआ है। ब्यूरो