अहार के अवंतिका देवी मंदिर में आई दरार दिखाते पुजारी। संवाद
अहार। गंगा किनारे बने अवंतिका देवी के मंदिर में दरार आ गई है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों गंगा में आई बाढ़ से हुए कटान के कारण दरार आई है। दरार के कारण मंदिर के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।
पुजारी सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि अवंतिका देवी मंदिर महाभारत काल से जुड़ा है। इस मंदिर में देवी रुक्मिणी पूजा करने आती थीं। इसके पास ही रुक्मिणी गंगा स्नान करती थीं। इसलिए मंदिर की आस्था और मान्यता दूर-दूर तक है। उन्होंने बताया कि अवंतिका देवी मंदिर ऊंचे टीले पर स्थित है। इसके तीनों ओर से गंगा की मुख्य धारा बहती है। पिछले दिनों गंगा में बाढ़ के चलते सीधी धारा मंदिर के पीछे व साइड से टकराई थी। इसके कारण मंदिर को बाढ़ से बचाने के लिए कराया गया बोल्डर पिचिंग कार्य पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो जगह लगी पिचिंग का आधे से ज्यादा हिस्सा गंगा में बह गया। पिचिंग क्षतिग्रस्त हो जाने से टीले पर नीचे की ओर कटान होने से मंदिर में दरार आ गई। यदि जल्द ही ध्यान नहीं दिया गया तो मंदिर के और भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।