कोविड अस्पताल में मिलीं खामियां, भड़के जिलाधिकारी
बुलंदशहर। डीएम रविंद्र कुमार ने रविवार देर शाम कोविड अस्पताल वीवीआईटी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां खामियां मिलने पर डीएम भड़क गए और नोडल अधिकारी से जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने वहां भर्ती मरीजों से खाने-पीने व सफाई की जानकारी ली।
डीएम रविवार देर शाम अचानक कोविड अस्पताल वीवीआईटी निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने वहां पर भर्ती मरीजों से खाना, पानी, साफ-सफाई, शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में पूछताछ की। मरीजों ने भोजन एवं ठहरने संबंधी कोई समस्या नहीं बतायी। उन्होंने मच्छरों से बचाव के इंतजाम कराने, मास्क उपलब्ध कराने और गर्म पानी के लिए इलेक्ट्रिक केतली उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा एक ब्लॉक में पंखा खराब होने पर उसे सही कराने की मांग की। साथ ही शौचालय गंदा होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने नोडल अधिकारी/एसीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र से वार्ता की। संबंधित कर्मियों एवं सफाई कर्मी के संबंध में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर डीएम का गुस्सा फूट पड़ा। डीएम ने कहा कि उनके द्वारा कोविड अस्पताल में व्यवस्था ठीक प्रकार से नहीं की जा रही है। उन्होंने सीएमओ को लापरवाही के लिए डॉ. सुष्पेन्द्र का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। साथ ही कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके बाद यदि कंट्रोल रूम से फोन पर मरीजों से फीडबैक प्राप्त करते समय उक्त कमियां संज्ञान में आती हैं तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के समय सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, एसडीएम सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सामुदायिक रसोई में भी मिली गंदगी
कोरोेना संक्रमित मरीजों के लिए खुर्जा-सिकंदराबाद बाईपास पर श्याम सुनहरी फैमिली ढाबा के पीछे सामुदायिक रसोई में भोजन तैयार किया जा रहा है। डीएम रविन्द्र कुमार ने रसोईघर का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता परखी। निरीक्षण के समय मौके पर खाना बनते मिला। रसोई परिसर एवं आसपास गंदगी पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एसडीएम सदर को मामले की जांच के निर्देश दिए। कहा कि मरीजों को खाना आपूर्ति किए जाने की शर्तों की जानकारी लेते हुए प्रकरण की गहनता से जांच करें कि किस अधिकारी द्वारा रसोई के इस स्थल का चयन किया गया है। साथ ही टेंडर की अन्य शर्तों का किस प्रकार से अनुपालन किया जा रहा है। निरीक्षण के समय एसडीएम व तहसीलदार मलखान सिंह उपस्थित रहे।