गुलावठी में शनिवार सुबह सिकंदराबाद रोड पर एक आम के बाग के निकट संदिग्ध परिस्थितियों में दंपती की मौत हो गई। दंपती पिछले काफी दिनों से क्षेत्र में रह रहे थे और भीख मांगकर अपना गुजर बसर करते थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की और पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस बीमारी के चलते मौत होने की आशंका व्यक्त कर रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गोंडा के करनैलगंज निवासी बबलू (37) एवं उसकी पत्नी प्रेमवती (35) गुलावठी में सिकंदराबाद रोड पर एक विद्यालय के सामने आम के बाग के निकट खाली पड़े प्लॉट में तिरपाल डालकर रहते थे। शुक्रवार देर रात उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोनों के शव शनिवार की सुबह उसी स्थान पर पड़े मिले, जहां वह रहते थे। वहां से गुजर रहे लोगों ने दोनों के शव देखे तो 112 नंबर पर घटना की सूचना पुलिस को दी।
पीआरवी पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल विवेक शर्मा, एसएसआई प्रमोद कुमार, कस्बा इंचार्ज इंद्रजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक का बड़ा पुत्र अजी दोगाल अपनी पत्नी पूनम के साथ मौके पर पहुंचा। मृतक के पुत्र ने बताया कि वह अपने माता-पिता से अलग दूसरे स्थान पर रहता है। मृतकों के पांच बच्चे हैं। एक बड़ा पुत्र है, जबकि अन्य चार छोटे हैं। मृतक तथा उसका परिवार नगर में भीख मांगकर अपना गुजर बसर करता था। मृतकों के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। वहीं, स्थानीय लोगों में चर्चा रही कि इन दोनों की मौत कोरोना से हुई है। हालांकि, अभी इस बाबत पुष्टि नहीं हुई है। उधर, कोतवाल विवेक शर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि ये दोनों बीमार चल रहे थे। अज्ञात बीमारी के चलते इनकी मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल जाएगा।