बुलंदशहर। जिलेभर में 250 बैंकों में दो हजार रुपये के नोट बदलने के लिए काउंटर खोलने की व्यवस्था की गई थी लेकिन 100 से अधिक बैंकों में काउंटर ही नहीं लगाए गए, जिससे सैकड़ों लोगों को बिना नोट बदले ही लौटना पड़ा। मंगलवार को पूरे दिन लोग नोट बदलने के लिए परेशान दिखे। कुछ शाखाओं में कर्मियों ने लोगों को नोट बदलने की जगह खाते में रुपये जमा करने के लिए विवश किया। मंगलवार को जिले में तीन करोड़ रुपये के नोट बदले गए और करीब 14 करोड़ रुपये खातों में जमा हुए।
जिले में वर्तमान में करीब 250 बैंक शाखाएं हैं। इन बैंकों में प्रतिदिन सामान्य भीड़ रहती थी। रिजर्व बैंक की दो हजार रुपये के नोट वापस लेने की घोषणा के बाद बैंकों में भीड़ उमड़ पड़ी। मंगलवार को बैंक खुले तो लोग रुपये बदलने और खाते में रुपये जमा करने के लिए पहुंचे। नगर के भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई, एक्सिस बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक, केनरा बैंक, यूनियन आदि बैंक में लोगों की भीड़ लगी रही। बैंक में आए प्रेरित चौधरी ने बताया कि दो हजार रुपये का नोट वापस लेने की घोषणा के बाद से जमा काउंटर पर भीड़ बढ़ गई है। नकदी जमा करने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने कई बैंकों में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सहकारी बैंक की शाखाओं में नहीं शुरू हुई प्रक्रिया
बुलंदशहर स्थित जिला सहकारी बैंक और खानपुर स्थित जिला सहकारी बैंक शाखा में लोग नोट बदलने के लिए पहुंचे तो यहां पर नोट न बदले जाने की बात कही गई। नोट बदलने बैंक आए मोहित कुमार, चंद्रपाल सिंह ने बताया कि बैंक में दो हजार के नोट बदलने से साफ इनकार कर दिया और पैसे खाते में डालने के लिए कहा। खाता न होने से रुपये बदलने में कठिनाई आ रही है। खानपुर शाखा प्रबंधक राधेश्याम कुशवाहा ने कहा कि पहले नोट जमा किए जाएंगे, बाद में बदलने की व्यवस्था होगी। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन डीके शर्मा ने कहा कि नोट बदलने से मना करने वालों की जांच कराई जाएगी।
यहां नहीं बने काउंटर
सिविल लाइन स्थित पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक व केनरा बैंक में दो हजार रुपये के नोट बदलने के लिए काउंटर नहीं बनाया गया। नोट बदलने पहुंचे लोगों को खाते में रुपये जमा करने को कहा गया। खाता न होने की बात कहने पर तुरंत खाता खोलने की सुविधा देने की बात कही गई। शिकायत पर पीएनबी मैनेजर भड़क उठे और कहा कि उनके पास कोई गाइड लाइन नहीं आई है।
सभी डाकघर में जमाकर निकाल सकेंगे रुपये
डाक अधीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि जिले के समस्त डाकघर में दो हजार रुपये के नोट से कोई भी कार्य या खाते में जमा कर सकते हैं। दो हजार रुपये का नोट लेकर पहुंचने वाले को वापस नहीं किया जाएगा। यदि किसी को नोट बदलने हैं तो वह अपने खाते में रुपये जमा कर कुछ देर बाद निकाल सकते हैं। जिनके खाते नहीं है, वह खुलवा लें। अभी भीड़ कम है। भीड़ बढ़ने पर काउंटर बढ़ा दिए जाएंगे।
पेट्रोल पंप और खाद-बीज की दुकानों पर नहीं ले रहे नोट
बाजारों से पिछले काफी समय से दो हजार रुपये का नोट गायब रहा। इन दिनों लोग बाजार में नोट लेकर पहुंच रहे हैं। बड़े शोरूम और सराफा दुकानों पर जहां नोट से खरीदारी की जा रही है, वहीं खाद-बीज की दुकानों पर व्यापारियों द्वारा दो हजार रुपये का नोट होने पर सामान देने से मना कर दिया जा रहा है। अधिकांश पेट्रोल पंप भी दो हजार रुपये का नोट होने पर डीजल या पेट्रोल नहीं दे रहे हैं।
बोले लोग
दो हजार रुपये का नोट बदलने की प्रक्रिया शुरू होने पर नगर के सिविल लाइन पंजाब नेशनल बैंक आई हूं। यहां पर नोट बदलने से साफ मना कर दिया गया। मजबूरन यहां से लौटना पड़ रहा है। - स्वाति
आरबीआई ने सभी बैंकों में 23 मई से नोट बदलने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही। पुरानी जेल परिसर के सामने पीएनबी की शाखा में नोट लेकर पहुंचे तो बदलने की जगह खाते में रुपये जमा करने को कहा। यह गलत है। - विकास
समस्त शाखा प्रबंधकों को नोट बदलने के लिए अलग काउंटर बनाने के निर्देश दिए हैं। जहां पर काउंटर नहीं खुले हैं, वहां पर जल्द व्यवस्था करवा दी जाएगी। मंगलवार को जिलेभर के बैंकों में करीब तीन करोड़ रुपये के नोट बदले गए। करीब 14 करोड़ रुपये खाते में जमा किए गए। - अभिषेक गुप्ता, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक