वैक्सीन की कमी के चलते 9,674 लोगों को लगा टीका
बुलंदशहर। कोरोना से बचाव के लिए जिले में शनिवार को वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण की रफ्तार कम हो गई। हालांकि मौजूद वैक्सीन से 81 केंद्राें के 113 बूथ पर टीकाकरण किया गया। इस दौरान 9,674 लोग केंद्र पर टीका लगवाने पहुंचे।
सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि वैक्सीन की उपलब्धता के आधार पर टीकाकरण का आयोजन किया जा रहा है। पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन होने पर अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का उद्देश्य रहता है। कोविशील्ड और कोवाक्सीन के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।
एक व्यक्ति मिला कोरोना संक्रमित
बुलंदशहर। जिले में शनिवार को एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। साथ ही पांच केस अन्य जनपदों से स्थानांतरित किए गए। वहीं, चार व्यक्ति स्वस्थ हुए। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि जहांगीराबाद निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में कोरोना संक्रमण के अब कुल 20,188 केस है। इनमें 19,941 लोग स्वस्थ हो चुके है और 241 लोगों की मौत हो चुकी है। शेष छह लोगों का होम आइसोलेशन समेत कोविड अस्पताल में उपचार चल रहा है।