धीमी पड़ी वैक्सीनेशन की रफ्तार, मायूस होकर लौटे 15 हजार
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग से लेकर जिला प्रशासन जोर दे रहा है। लेकिन वैक्सीन न होने की वजह से लोग टीकाकरण केंद्र से बैरंग लौट रहे हैं। बुधवार को सिर्फ 1,944 लोगों को टीके लगाए गए, जबकि 15 हजार से अधिक लोग जिले के विभिन्न केंद्रों से वापस लौट गए। पिछले दिनों जिले में औसतन 12 से 15 हजार लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है, लेकिन विगत दो दिनों से टीके की किल्लत से लोगों को मायूसी हाथ लग रही है।
कोरोना से बचाव के लिए जून माह में रिकॉर्ड टीकाकरण हुआ। जून माह में अब तक 3,44,775 लोगों को टीका लग चुका है। वैक्सीन की कमी पड़ने पर बुधवार को 1,944 लोगों को टीका लगाया गया। अगर बृहस्पतिवार सुबह तक वैक्सीन की डोज और प्राप्त नहीं हुई तो टीकाकरण अभियान फिर लड़खड़ा सकता है। अनूपशहर, खुर्जा, डिबाई, गुलावठी, स्याना जहांगीराबाद, लखवटी, खानपुर आदि क्षेत्र मेें टीका लगवाने गए लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।
पिछले सप्ताह के आंकड़े
दिन टीका
23 जून 17,008
24 जून 21,653
25 जून 21,816
26 जून 13,054
28 जून 1,957
29 जून 15,232
30 जून 1,944
कोवाक्सीन की डोज होने से मिली राहत
कोविशील्ड की डोज सोमवार को जितनी प्राप्त हुई थी। मंगलवार को करीब 14 हजार से अधिक लोगों को टीके लगाए गए। वहीं, मंगलवार को कोवाक्सीन की तीन हजार डोज मेरठ से प्राप्त हुई। अगर बुधवार को कोवाक्सीन नहीं होती तो अभियान काफी पीछे चला जाता। बृहस्पतिवार को सात से अधिक केंद्रों पर कोवाक्सीन होने पर टीके लगाए गए। वहीं, दोपहर बाद कोविशील्ड आने पर टीके लगाने शुरू कर दिए गए।
बुधवार को इन स्थानों पर हुआ टीकाकरण
केंद्र का नाम टीके की संख्या
जिला महिला अस्पताल 510
बीबीनगर सीएचसी 396
संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद 261
शेखपुर गढ़वा 209
धरपा स्वास्थ्य केंद्र 170
गुलावठी सीएचसी 30
पहासू सीएचसी 29
दौलतपुर 58
चिंगरावली 10
बिगराऊ 200
सलेमपुर 30
गिनौरा शेख 41
बोले लोग
टीके का दूसरा डोज लगवाने आए थे। लेकिन वैक्सीन खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया गया। पूछने पर यह भी नहीं बताया गया कि वैक्सीन कब तक आएगा।
- काली चरन, जंक्शन निवासी
टीके का दूसरा डोज बुधवार को लगना था। टीकाकरण केंद्र पर पहुंचने पर बताया गया कि वैक्सीन खत्म होने के कारण नहीं लग पाएगी। ऐसे में निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
- मुकेश कुमार, रेलवे रोड निवासी
सिर्फ आठ हजार वैक्सीन के साथ शुरू होगा महाअभियान
एक जुलाई से शासन के निर्देश पर जनपद में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के बृहद स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। एक जुलाई से चलने वाले अभियान के लिए प्रत्येक गांव को 10 से 12 क्लस्टर ग्रुप में बांटकर 336 टीमों को टीकाकरण करने की जिम्मेदारी दी जा चुकी है। लेकिन विभाग के पास महज आठ हजार डोज पहले दिन के लिए नाकाफी रह सकती है। अगर वैक्सीन की बड़ी खेप जिला मुख्यालय को बृहस्पतिवार तक प्राप्त नहीं हुई तो महाअभियान शुरू होने से पूर्व ही विफल साबित हो सकता है।
कोविशील्ड की डोज समाप्त होने की सूचना शासन को अवगत करा दी गई है। मेरठ, आगरा, बरेली समेत मुख्यालय से लगातार संपर्क में है। जल्द ही वैक्सीन की पर्याप्त डोज जिले को मिलने की संभावना है, जिससे टीकाकरण अभियान न लड़खड़ाए।
- डॉ. भवतोष शंखधर, सीएमओ