208034 लोगों को नहीं छू पाया कोरोना
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान अप्रैल और मई माह में जनपद में 221156 लोगों की जांच की गई। इस दौरान 13122 लोग संक्रमित मिले जबकि 208034 लोगों को कोरोना छू भी नहीं पाया। इस दो माह के दौरान हुई जांच में संक्रमित मरीज 5.93 फीसदी रहे हैं। इसके साथ ही अब जनपद धीरे धीरे संक्रमण से मुक्ति की ओर बढ़ रहा है। अब संक्रमित मरीजों के सापेक्ष ठीक होने वाले लोगों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। वहीं, कोरोना काल के दौरान कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिसमें संक्रमित होने के बाद भी लोगों ने सावधानी बरतते हुए अपने परिवार को संक्रमण से दूर रखा है।
दोनों माह में जांच के आंकड़े
अप्रैल
कुल जांच 88913
पॉजिटिव 5466
निगेटिव 83747
मई
कुल जांच 132243
पॉजिटिव 7956
निगेटिव 124287
दोनों माह में स्वस्थ हुए लोग
10 अप्रैल 14
20 अप्रैल 112
30 अप्रैल 430
10 मई 359
20 मई 418
30 मई 321
संक्रमित हुए परिवारीजन, सुरक्षा से खुद को बचाया
केस 1
नगर के मोहल्ला प्रीत विहार निवासी सुनील कुमार शर्मा स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं। बताया कि उनकी कोविड रिपोर्ट 18 अप्रैल को पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उनकी पत्नी व तीन बच्चे काफी घबरा गए थे। हालांकि उन्हें मानसिक तौर पर स्वस्थ रहने और कोविड गाइडलाइन के तहत मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के लिए जागरुक किया। जिसके चलते पत्नी व दो बेटे और एक बेटी को कोई परेशानी नहीं हुई।
केस 2
नगर क्षेत्र के मोहन नगर कॉलोनी निवासी देव सुधार शर्मा स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं। परिवार में उनके अलावा उनकी पत्नी, दो बेटे, पुत्रवधू और पौत्र व पौत्री हैं। 20 अप्रैल को जब उनकी तबीयत खराब होने पर कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो सभी परिजन काफी परेशान हो गए। इस दौरान वह होम आईसोलेशन में रहे और छोटे बच्चों के साथ अन्य परिजनों को भी मास्क लगाने और बार-बार हाथ धोने के निर्देश दिए। सभी परिजनों ने गाइडलाइन का सख्ती से पालन भी किया। जिसके चलते परिवार में अन्य किसी भी व्यक्ति को खांसी, जुखाम व बुखार जैसी कोई समस्या नहीं हुई।
केस 3
अनूपशहर के मोहल्ला छत्ता निवासी मनु शर्मा की कोविड रिपोर्ट 14 अप्रैल को पॉजिटिव आईं थीं। घर में सात अन्य सदस्यों के रहने और कोविड संक्रमण के बाद होम आईसोलेशन में रहने पर संक्रमण फैलने की संभावना थी। हालांकि परिवार के सभी लोगों को कोविड गाइडलाइन का पालन कराते हुए नियमित तौर पर हाथ धोना, योग करना, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने पर जोर दिया। जबकि काढ़ा, हल्दी दूध, हेल्दी डाइट, व अन्य आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के प्रयोग पर जोर दिया। जिससे पूरा परिवार कोविड संक्रमण से दूर रहा।
अब तक के कोरोना संक्रमण के दौरान मई माह में सर्वाधिक जांच की गई। अप्रैल माह से संक्रमण दर बढ़ने पर गांव-गांव जांच का अभियान चला सैंपलिंग की गई। दोनों माह मेें 221156 लोगों की जांच की गई। जिसमें 208034 लोग निगेटिव आए। वहीं, अब जनपद में संक्रमण दर कम हो रहा है। - डॉ. नरेश गोयल, एसीएमओ/नोडल अधिकारी