कोरोना से 218वीं की मौत 51 मिले और संक्रमित
बुलंदशहर। जनपद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक ओर जहां कम होने की ओर बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर संक्रमित मरीजों के मृत्यु का आंकड़ा भी थम नहीं रहा है। बुधवार को जनपद में 51 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। साथ ही तीन कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। वहीं, 108 लोग स्वस्थ हुए। जिले में फिलहाल कुल 19,736 संक्रमण के केस हो गए हैं। इसमें 18,850 लोग ठीक होकर घर जा चुके है और 218 कोरोना संक्रमित की मौत हो चुकी है। शेष 668 लोग होम आइसोलेशन समेत विभिन्न कोविड अस्पतालों में अपना उपचार करा रहे हैं।
जनपद में 22 अप्रैल से लगातार कोरोना संक्रमित लोगों की उपचार के दौरान मौत हो रही है। अप्रैल माह में 38 और मई माह में 79 लोगों की मौत की पुष्टि विभाग द्वारा की गई। वहीं, दो जून को तीन और संक्रमित की मौत होने की पुष्टि विभागीय अफसरों द्वारा की गई। एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि अनूपशहर में आठ, खुर्जा व सिकंदराबाद में सात-सात, बुलंदशहर में पांच, बीबीनगर व जहांगीराबाद में चार-चार, लखावटी, पहासू व स्याना में तीन-तीन, गुलावठी में दो और अरनियां, धरपा, डिबाई, शिकारपुर व ऊंचागांव क्षेत्र निवासी एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।