तीन दिन में 7260 लोगों की जांच, 234 मिले संक्रमित
बुलंदशहर। जिले में रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) द्वारा घर-घर जाकर टेस्टिंग शुरू किए हुए तीन दिन हो चुके हैं। तीन दिन में टीम द्वारा कुल 7260 लोगों की जांच की गई। इनमें से कुल 234 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव मरीजों को होम आइसोलेट किया है। जिन मरीजों को कोविड के लक्षण दिख रहे हैं, उन्हें मेडिकल किट बांटी जा रहीं हैं।
कोविड महामारी को जल्द से जल्द खत्म करने और अधिक से अधिक संक्रमित लोगों को सामने लाने के लिए जिला प्रशासन ने घर-घर जांच शुरू की है। ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी बनाते हुए कुल 218 आरआरटी टीमों का गठन किया गया था। टीमों द्वारा तीन दिन में कुल 7260 लोगों की जांच की है। इनमें से कुल 234 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। टीमों ने अभी तक आरटीपीसीआर जांच के लिए 3846 सैंपल भेजे हैं तो वहीं 5471 लोगों को मेडिकल किट उपलब्ध कराई हैं। डीएम रविंद्र कुमार के मुताबिक जिले में लगातार आरआरटी टीम घर-घर जाएंगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि टीम को सही जानकारी देने के साथ ही टेस्ट कराने के लिए आगे आएं। बीमारी को छिपाने के बजाए उसे सामने लाकर जल्दी हराया जा सकता है।
निजी लैब पर पॉजिटिव रेट 40 से 20 फीसदी पहुंचा
सरकार द्वारा जिले में पैथकाइंड लैब को कोविड जांच के लिए अधिकृत किया गया है। जांच के लिए सरकार द्वारा 900 रुपये फीस निर्धारित की गई है। पैथकाइंड लैब के जिले के सेल्स और मार्केटिंग हेड प्रशांत प्रभात ने बताया कि बुलंदशहर, सिकंदराबाद, खुर्जा व शिकारपुर से सैंपल कलेक्शन की सुविधा है। प्रतिदिन औसतन 50 लोगों की जांच की जा रही है। इनमें से 20 फीसदी ही पॉजिटिव आ रहे हैं। जबकि अप्रैल माह के अंत में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 40 फीसदी था।