मूड़ाकरीमपुर में एक सप्ताह में सात लोगों की मौत
छतारी। क्षेत्र के गांव मूड़ाकरीमपुर इन दिनों चर्चाओं में है, पिछले एक सप्ताह में सात लोगों की कोविड से मौत और 22 लोगों का अभी विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों में भी दहशत है। जबकि आसपास के ग्रामीण भी त्यौर बुजुर्ग में आने-जाने से बच रहे हैं। गांव मूड़ाकरीमपुर ग्राम पंचायत त्यौर बुजुर्ग के अंतर्गत आता है।
लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग ने गांव में एक बार कैंप लगाकर खानापूर्ति कर ली है। जबकि अभी भी बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए भटक रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि महामारी को फैलने से रोकने के लिए गांव में और शिविर लगाते हुए लोगों की जांच की जाए और जिन लोगों को कोविड के लक्षण दिख रहे हैं, उन्हें कोविड किट का वितरण किया जाए। वहीं, एक बार लगाए गए जांच शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब एक हजार की आबादी में से कुल 49 लोगों को एंटीजन जांच की थी। इस दौरान 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जबकि कोविड लक्षण दिखने वाले कुल 54 मरीजों को कोविड किट का वितरण किया गया था।
मृतकों के नाम
सरोज
कालीचरन
बाबूलाल
सत्यवती
शीषपाल
प्रेमवती
नेमवती
इन गांवों के हालात भी हैं खराब
गांव का नाम मौत
कुंवरपुर 07
राजौर 09
कैलावन 18
परवाना 17
कनौना 14
दौलतपुर कलाँ 18
बरहाना 07
इछावरी 14
नैथला 17
खेलिया कल्यानपुर 05
ईलना 20
बिलसूरी 08
ईस्माइलपुर 08
सिंरोधन 07
बोले लोग
गांव में दहशत
गांव में बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीज होने और कुछ लोगों को कोविड के लक्षण दिखने से लोगों में दहशत है। एक बार गांव में शिविर लगाया गया है। अभी पांच फीसदी लोगों की भी जांच नहीं हुई है। ऐसे कुछ लोग लक्षण दिखने के बाद भी जांच कराने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। - रामकिशन फौजी
कई की हालत बहुत खराब
गांव में कोविड जांच के लिए और शिविर लगाने की दरकार है। इसके लिए ग्राम प्रधान को भी अवगत कराया गया है। कई लोगों की हालत काफी खराब है उन्हें भी पर्याप्त उपचार के लिए पहासू सीएचसी जाना पड़ता है। - बिपिन कुमार
यह महामारी इंसानों से ही इंसानों में फैल रही है। इसलिए लोग एक-दूसरे से बच रहे हैं। प्रत्येक बुजुर्ग व अन्य बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की कोविड जांच की जानी चाहिए और गांव में कैंप लगाकर वैक्सीनेशन भी होना चाहिए। - महेंद्र सिंह उर्फ बाबूजी।
वयं जा रहा हू गांवों में
मैं स्वयं गांव-गांव में जाकर लोगों को सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा हूं। जल्द ही गांव में टीम भेजकर वहां पर लोगों की जांच कराने के साथ ही वैक्सीनेशन कराया जाएगा। - अनिल शर्मा, राज्यमंत्री/विधायक शिकारपुर।
शिविर लगाए जा रहे हैं
गांव में एक बार स्वास्थ्य शिविर लगाकर 49 लोगों की एंटीजन जांच की गई थी। कुल 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जबकि लक्षण दिखने वाले कुल 54 मरीजों को कोविड किट का वितरण किया गया था। आगे भी योजना बनाकर गांव में शिविर लगाया जाएगा। - डॉ. मनोज कुमार, पीएचसी प्रभारी।
एक बार हो चुकी है जांच
गांव में एक बार शिविर लगाकर लोगों की जांच कराई जा चुकी है। जल्द ही दोबारा गांव में शिविर लगाने की योजना बनाई जा रही है। गांव में वैक्सीनेशन कैंप लगाने के लिए भी अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। - जयश्री, प्रधान, ग्राम पंचायत त्यौर बुजुर्ग।