घर-घर जाकर कोविड जांच करें आरआरटी : ऋतु माहेश्वरी
बुलंदशहर। सरकार द्वारा नामित जिले की कोविड नोडल अधिकारी ऋतु माहेश्वरी ने सोमवार को जिले में कोविड की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरआरटी (रैपिड रिस्पांस टीम) को घर-घर भेजकर लोगों की जांच कराने की व्यवस्था की जाए। साथ ही अस्पतालों के बाहर निर्धारित दर और एंबुलेंस का किराया चस्पा करवाया जाए। ताकि एंबुलेंस चालकों की मनमानी रोकी जा सके।
सरकार ने प्रत्येक जिले में कोविड की स्थिति की समीक्षा के लिए अधिकारियों को नामित किया हुआ है। जिले की नोडल अधिकारी के तौर पर आईएएस अधिकारी ऋतु माहेश्वरी को नामित किया गया है। सोमवार को उन्होंने जिले में कोविड की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोविड अस्पतालों में प्रतिदिन आईसीयू बेड, वेंटिलेटर एवं ऑक्सीजन आदि की उपलब्धता के संबंध में सूचनाओं को बोर्ड पर चस्पा किया जाए। एंबुलेंस के रेट के साथ ही अस्पताल द्वारा चार्ज की जाने वाली धनराशि के संबंध में भी फ्लैक्स बोर्ड पद दरें चस्पा की जाएं। कोविड हॉस्पिटल में निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए स्थापित प्लान्ट/स्टोरेज केंद्र में उपलब्ध ऑक्सीजन एवं सुरक्षा के संबंध में भी उन्होंने जानकारी ली। ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए निर्देशित किया कि आरआरटी एवं एलटी द्वारा प्रत्येक गांव में घर-घर जाकर कोविड की जांच की जाए। गांवों में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग लेते हुए कोविड लक्षण वाले व्यक्तियों एवं गांव में बाहर से आने वाले लोगों की प्राथमिकता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कोरोना संक्रमण से मृत्यु होने पर लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कराने की व्यवस्था की जाए। बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, एसएसपी संतोष कुमार सिंह, बीडीए वीसी हर्षिता माथुर, सीडीओ अभिषेक पांडेय, सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, एडीएम वित्त सहदेव कुमार मिश्र, एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
कलक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण करते हुए अस्पतालों में बेड उपलब्ध कराने, टेलीमेडिसन द्वारा उपचार दिए जाने, होम आइसोलेशन से संबंधित शिकायत/जानकारी के संबंध में बनाई गई पंजिकाओं का अवलोकन किया। उन्होंने होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड मरीजों को मेडिकल किट उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विजिट कर मेडिकल किट एवं उपचार के लिए कुछ मरीजों से दूरभाष के माध्यम से सत्यापन भी किया। साथ ही कंट्रोल रूम में प्रतिदिन कोविड अस्पतालो में आईसीयू बेड की उपलब्धता, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर की सूचना उपलब्ध रखने के आदेश दिए।