सुबह की चहल-पहल के बाद पसरा सन्नाटा
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए पुलिस प्रशासन सख्ती दिखाने लगे है। शनिवार को एक ओर जहां सुबह 8 बजे से 11 बजे तक दैनिक उपयोग के सामानों की दुकानें खुलीं। इस दौरान सड़कों, दुकानों पर काफी संख्या में चहल पहल दिखाई दी। लेकिन 11 बजे के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। साथ ही सड़कों से ठेली खोमचे वालों को खदेड़ा और नियत समय से अधिक समय पर दुकान खोलने वालों को फटकार लगाकर उनके प्रतिष्ठान बंद कराए। दोपहर में सड़कें सुनसान रहीं, लेकिन एक बार फिर शाम के समय लोग सड़कों पर दिखाई दिए।
कालाआम चौराहे पर पसरा रहा सन्नाटा
सुबह 11 बजे के बाद कालाआम चौराहे पर पुलिस ने बेवजह घूम रहे लोगों का फटकारा। साथ ही वाहनों के चालान भी किए गए। इस दौरान चौराहे पर सन्नाटा पसरा रहा। साथ ही पुलिस ने चौराहे की ओर आने वाले मार्गों पर बैरियर लगाकर चेकिंग भी की।
रोडवेज स्टैंड सूना, बसें रहीं खाली
रोडवेज बस स्टैंड पर भी शनिवार को सन्नाटा पसरा रहा। दुकानें बंद दिखाई दीं और विभिन्न स्थानों पर जाने वाली रोडवेज बसें भी अधिकतर खाली दिखाई दीं। इस दौरान कंडक्टर सवारियों के इंतजार में रहे। हालांकि, कार्यालय भी बंद दिखाई दिए।
अंसारी रोड पर शटर गिरे रहे
अंसारी रोड पर भी सुबह 11 बजे के बाद सड़क सुनसान नजर आई। साथ दुकानों के शटर बंद पड़े रहे। व्यापारी अपने अपने घरों में ही रहे। सड़क के दोनों छोर पर पुलिसकर्मी तैनात दिखाई दिए।
मेडिसिन मार्केट में सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन
कोरोना कर्फ्यू के प्रतिदिन की भांति शनिवार को भी मेडिसिन मार्केट में काफी संख्या में लोग नजर आए। इस दौरान लोग सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करते हुए दिखाई दिए। साथ कुछ जगहों पर लोग बिन मास्क के भी नजर आए।