कोरोना की बढ़ने लगी रफ्तार, 21 लोग मिले संक्रमित
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण ने धीरे-धीरे जनपद में विगत वर्ष की तरह पांव फैलाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को 21 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जनपद में संक्रमण के अब कुल 6391 केस हो गए हैं। अब तक कुल 6213 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 94 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 84 लोगों का उपचार चल रहा है।
जनवरी माह के साथ फरवरी और मार्च में राहत देने के बाद जनपद में कोरोना संक्रमण के मामलों में दिन प्रतिदिन वृद्धि होने लगी है, जिससे हालात विगत वर्ष की तरह नजर आने लगे हैं। इसके बावजूद जनपदभर में लोग बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के घूम रहे हैं। अगर लोगों की लापरवाही जारी रही तो कोरोना चेन बनने में देर नहीं लगेगी। वहीं, मास्क न पहनने वालों पर कार्रवाई के आदेश के बावजूद कार्रवाई न होने से भी लोग बिना मास्क के खुलेआम घूम रहे हैं। एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि बुलंदशहर नगर के दुर्गापुरम, सुशीला विहार, आवास विकास-प्रथम, शर्मा कुंज, साठा, देवीपुरा प्रथम व आदर्श नगर निवासी एक-एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऊंचागांव में चार, शिकारपुर में तीन, अगौता में दो और डिबाई, अनूपशहर, सिकंदराबाद, जहांगीराबाद व स्याना क्षेत्र निवासी एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कोरोना संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों को ट्रेस कर जांच की जा रही है। लोगों से अपील है कि सतर्कता बरतें और कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करें।
आरोग्य मेले में 5815 ने कराया प्राथमिक उपचार
बुलंदशहर। जिले के 71 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित आरोग्य मेले में 5815 लोगों ने प्राथमिक उपचार कराया। वहीं, मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में गोल्डन कार्ड बनाने के साथ कोरोना और अन्य बीमारियों की जांच भी की गई। एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. नरेश गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में विभिन्न बीमारियों का उपचार करने के साथ जांच भी की जा रही है। रविवार को मेले में 2123 पुरुष, 2816 महिलाएं और 876 बच्चों का उपचार किया गया। जिसमें 687 त्वचा रोगी, 113 उदर रोगी, 135 सांस के रोगी, 618 मधुमेह रोगी और 156 गर्भवती महिलाओं ने उपचार कराकर लाभ उठाया। साथ ही आयुष्मान योजना के पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाने के साथ लोगों की एंटीजन किट से कोरोना की जांच की गई।