महाराष्ट्र-दिल्ली से आने वाले लोग रहेंगे होम क्वारंटीन
बुलंदशहर। कोरोना का संक्रमण जनपद में जहां कम हो गया है। वहीं, देश के छह राज्यों में कोरोना संक्रमण के केस बढ़ने पर मुख्यालय द्वारा सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। होली पर संक्रमण बढ़ने की आशंका को लेकर दिल्ली-महाराष्ट्र से आने वाले लोगों को कोरोना जांच के साथ सात दिन तक होम क्वारंटीन में रखा जाएगा। स्वास्थ्य अफसर बाहरी जनपद/राज्यों से आने वालों की कोरोना जांच किए जाने का दावा कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण शुरू हुए करीब एक वर्ष होने वाले है। वर्तमान में जनपद में मात्र 10 कोरोना संक्रमित हैं, जिनका उपचार चल रहा है। साथ ही कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण भी हो रहा है। वहीं, देश के छह राज्यों में अचानक कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं, जिससे संबंधित राज्यों से संक्रमित लोगों के जनपद में भी आने की संभावना है। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों में संक्रमण की पहचान की जा सके, इसके लिए होली पर दूरदराज से आने वाले लोगों को सात दिन तक घर में क्वारंटीन रहना होगा। साथ ही बुखार या अन्य लक्षण मिलने पर जांच कराई जाएगी। नोडल अधिकारी/एसीएमओ डॉ. नरेश गोयल ने बताया कि जनपद में मुख्य सचिव के निर्देश पर बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वालों की जांच की जा रही है। अगर कोई बाहरी राज्य से आए तो उसकी सूचना कंट्रोल रूम या सीएमओ कार्यालय में दर्ज करा दे। साथ ही अपनी कोरोना जांच जरूर करा लें, जिससे संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके।
सावधानी ही एक मात्र बचाव है। बाजार व घर से बाहर उचित दूरी का पालन करें। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। बुजुर्ग और बीमार लोगों में संक्रमित होने की अधिक आशंका होती है इसलिए टीका जरूर लगवाए। - डॉ. भवतोष शंखधर, सीएमओ