एसपी क्राइम और देहात समेत 30 लोग मिले संक्रमित
बुलंदशहर। पुलिस महकमे में कोरोना संक्रमण ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को एसपी क्राइम, एसपी देहात समेत एसओजी के एक उपनिरीक्षक व दो सिपाहियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिन्हें चिकित्सक की सलाह पर क्वारंटीन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा 23 और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 20 लोगों को डिस्चार्ज किया गया।
गौरतलब है कि कोरोना से बचाव के लिए ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मी भी अब इस संक्रमण की चपेट में आने लगे हैं। जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात रहे पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को कोरोना संक्रमण तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। वहीं, अब पुलिस लाइन में भी कोरोना संक्रमण ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को पुलिस लाइन परिसर में एसपी सिटी कार्यालय में एसओजी टीम व खुद एसपी क्राइम और एसपी देहात ने अपना कोविड टेस्ट कराया। इस दौरान एसपी क्राइम, एसपी देहात, एसओजी के एक उपनिरीक्षक व चार सिपाहियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चिकित्सकों की सलाह पर एसपी क्राइम को होम आइसोलेट किया गया है, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को भी आइसोलेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, अब स्वास्थ्य विभाग इन पुलिसकर्मियों के संपर्क में आए लोगों की तलाश में जुट गया है। उनके भी कोविड टेस्ट कराए जाएंगे, जिससे कि एहतियात बरता जा सके। इसके अलावा जनपद की अस्थाई जेल में दो विचाराधीन कैदी, पुलिस लाइन रोड निवासी दो युवक और नगर के चांदपुर रोड व आवास-विकास द्वितीय निवासी एक-एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। साथ ही जहांगीराबाद नगर पालिका में तैनात एक वाहन चालक समेत पांच सफाई कर्मियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। औरंगाबाद नगर में स्याना रोड निवासी एक व्यापारी के परिवार में चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बीबीनगर क्षेत्र के गांव बहापुर निवासी तीन व मोहल्ला ब्रहमदरवाजा निवासी एक युवक में, शिकारपुर के गांव बोईच में एक ही परिवार के दो युवतियों में और गुलावठी नगर के मोहल्ला रामनगर निवासी एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, अलीगढ़ में एक युवती द्वारा सैंपल कराया गया, जो अभी तक पता और मोबाइल नंबर न मिलने के कारण ट्रैक नहीं हो सकी। इसके अलावा कोविड-19 में भर्ती 20 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जनपद में अब तक कुल केस 1602 में से 38 लोगों की मौत हो चुकी है और 1308 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। शेष 256 लोगों का विभिन्न कोविड-19 अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एसपी क्राइम, एसपी देहात समेत 30 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। साथ ही 20 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। संक्रमित के संपर्क में आने वालों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
- डॉ. रोहताश यादव, एसीएमओ/नोडल अधिकारी