खुर्जा। नगर में सिलिंडर को लेकर अभी भी उपभोक्ताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। अधिकारियों की ओर से एजेंसियों के निरीक्षण कर उपभोक्ताओं को गैस पर्याप्त होने की नसीहत तो दी जा रही है, लेकिन लोगों की समस्या दूर नहीं हो रही।
खुर्जा की भीम नगर कॉलोनी निवासी रवि ने बताया कि उन्होंने शनिवार को गैस की बुकिंग की थी। सोमवार सुबह पहले वैशाली कॉलोनी में स्थित भारत गैस की एजेंसी पर गए, जहां पर जाकर पता चला कि सिलिंडर नहीं है। दोपहर एक बजे उनको एजेंसी से पर्ची मिली। वह पर्ची लेकर वह आठ किलोमीटर दूर गोदाम पर गए, जहां जाकर उनको सिलिंडर मिला।
वहीं, हजरतपुर गांव निवासी अभय ने बताया कि उनका कनेक्शन मुंडाखेड़ा चौराहा पर इंडेन एजेंसी पर है। गांव से साइकिल पर खाली सिलिंडर लेकर वह पहले एजेंसी आए। जहां तीन घंटे इंतजार करने के बाद उनको गोदाम भेज दिया गया। वहीं, साजिद ने बताया कि उनको बुकिंग के चार दिन बाद पर्ची मिली और तीन घंटे इंतजार के बाद सिलिंडर प्राप्त हुआ