पहासू के बनैल पीएचसी पर मरीज की जांच करते फार्मासिस्ट। संवाद
बुलंदशहर/अहमदगढ़/नरसेना/पहासू। जिले के 71 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आरोग्य मेला लगा। आरोग्य मेले में मरीजों को परामर्श के साथ जांच व दवा की सुविधा दी गई। आरोग्य मेले में तीन हजार से अधिक मरीजों ने पहुंचकर परामर्श की सुविधा का लाभ लिया। मेले में वायरल के करीब 700 मरीज शामिल रहे। शेष खांसी, उल्टी, त्वचा रोग, सिर दर्द, सीने में दर्द, हड्डी, नेत्र समेत अन्य बीमारी के मरीज पहुंचे।
नरसेना क्षेत्र के गांव दौलतपुर कलां स्थित पीएचसी पर लगे आरोग्य मेले में सीएचओ भगत सिंह मरीजों को परामर्श देते मिले। बुखार होने पर राम बक्स व हरीराज सिंह शरीर में दर्द होने पर उपचार कराने आरोग्य मेले में पहुंचे। सीएचओ भगत सिंह ने बताया कि मेले में अधिकांश मरीज वायरल बुखार के रहे। पहासू क्षेत्र के गांव बनैल स्थित पीएचसी पर लगे आरोग्य मेले में फार्मासिस्ट दुर्गेश गौड़ मरीजों को परामर्श देते मिले।
नरेश निवासी पला ने बताया कि बुखार होने पर उपचार कराने आया हूं। फार्मासिस्ट दुर्गेश गौड़ ने कहा कि मेले में बुखार के छह, खांसी के आठ, डायरिया के छह, चर्मरोग के चार समेत करीब 30 मरीजों को परामर्श दिया गया। नगर के सरायधारी, शास्त्री नगर, गिरधारी नगर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेले में विशेषज्ञ ने मरीजों को परामर्श दिया। इस दौरान सभी जगह वायरल के मरीज अधिक रहे।
अहमदगढ़ पीएचसी पर फार्मासिस्ट संदीप शर्मा मरीजों को परामर्श व दवा वितरित करते मिले। कांती ने बताया कि बेटी को बुखार होने पर उसे दिखाने आया हूं। चिकित्सक तो मिले नहीं, मौजूद फार्मासिस्ट को ही दिखाकर दवा ली है। फार्मासिस्ट संदीप शर्मा ने बताया कि मेले में 34 मरीजों को परामर्श दिया। इसमें बुखार के 13, सर्दी-जुकाम के सात और अन्य बीमारी के 14 मरीज रहे। इनमें 14 महिलाएं, 11 बच्चे और नौ पुरुष शामिल रहे। वहीं, अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले में मरीजों ने चिकित्सकों से जांच व परामर्श लिया।
सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि सभी जगह आरोग्य मेले का आयोजन कराया गया। आरोग्य मेले में करीब तीन हजार मरीजों को सुविधा का लाभ दिया गया।