प्रस्तावित जहांगीराबाद और अनूपशहर में रोडवेज बस अड्डे नगर पालिका की विवादित जमीनों के बीच अटक गए हैं। शिकारपुर बस अड्डे के लिए अभी कोई निर्णय नहीं निकाला जा सका है। जबकि इन क्षेत्रों की जनता को बस अड्डे बनाए जाने का वर्षों से इंतजार है।
उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की ओर से जिले के जहांगीराबाद, अनूपशहर और शिकारपुर में बस अड्डों के निर्माण का प्रस्ताव है। बस अड्डों को बनाने की प्रक्रिया पिछले एक साल से ज्यादा समय से चल रही है। अनूपशहर में प्रस्तावित बस अड्डे के लिए नगर पालिका ने जमीन अलाट कर दी, मगर जब निर्माण कार्य शुरू हुआ तो एक व्यक्ति ने इसपर अपना हक जता दिया। जिससे काम रुक गया।
जहांगीराबाद में भी नगर पालिका ने जमीन उपलब्ध करवा दी लेकिन वहां पर एक चबूतरा है। वहीं, एआरएम एसपी सिंह का कहना है कि अनूपशहर में उपलब्ध कराई गई जगह पर जिस व्यक्ति ने अपना हक जताया है। इस मामले को एसडीएम ने जल्द सुलझाने का आश्वासन दिया है। जहांगीराबाद नगर पालिका से चबूतरे हो हटवाने की बात चल रही है। शिकारपुर में भी नगर पालिका से संपर्क जारी है।