बुलंदशहर। जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और विद्यार्थियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। तीन राजकीय इंटर कॉलेजों के खेल मैदानों में बनाए जा रहे इंडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। तीनों स्टेडियम पर कुल 14.76 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रत्येक स्टेडियम के निर्माण पर 4.92 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनय कुमार ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज नैथला हसनपुर के खेल मैदानों को आधुनिक मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां विद्यार्थियों को कबड्डी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और बॉक्सिंग समेत विभिन्न इनडोर खेलों के अभ्यास की सुविधा मिलेगी।
खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में शौचालय, वार्मअप जोन, प्रशासनिक कार्यालय, स्वागत कक्ष और प्राथमिक चिकित्सा कक्ष भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा रनिंग ट्रैक, जिम और मल्टीपरपज फिटनेस केयर हॉल की सुविधा भी उपलब्ध होगी। तीनों स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इनका निर्माण जल्द पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि आगामी शिक्षण सत्र में स्कूल खुलने के साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिल सके।