बुलंदशहर/स्याना। खरीफ की फसलों की बुआई के सीजन में किसानों को आ रही समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राज्यपाल के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को देकर किसानाें को बिजली, पानी और खाद की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही सरकार पर किसानों से वादा खिलाफी करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष जिया-उर्र-रहमान ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार किसानों को मुफ्त बिजली देना तो दूर आपूर्ति भी ठीक से नहीं कर पा रही है। किसानों को खाद के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। कहा कि यूरिया की कालाबाजारी हावी है।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी व मनीष चतुर्वेदी ने कहा कि यूरिया और खाद के लिए किसान सहकारी समितियों व निजी दुकानों पर कालाबाजारी के चलते औने-पौने बढ़े दामों पर खरीदने के लिए विवश है। वरिष्ठ नेता डॉ. एसडी शर्मा, जगतपाल सिंह, आशु कुरैशी और शिवकुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा की दोहरी नीति के चलते किसान अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।
इस दौरान नईम मंसूरी, साजिद गाजी, सैयद अमान, मुनीर अकबर, आशु कुरैशी, शिवकुमार लालनेर, जगतपाल सिंह, हर्षवर्धन, सादिक सैफी, तारिक गाजी, विमलेश आदि मौजूद रहे।
वहीं, दूसरी ओर जिले की सभी तहसीलों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। स्याना में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी जिला सचिव आदिल चौधरी के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम रविंद्र प्रताप सिंह को सौंपा। जिला महासचिव आदिल चौधरी ने कहा कि प्रदेश में किसानों को सिंचाई के लिए विद्युत आपूर्ति नहीं की जा रही है।
नगर अध्यक्ष नजमी चौधरी ने कहा कि कालाबाजारी करने वाले माफियाओं पर तत्काल कार्रवाई कर किसानों को खाद व यूरिया उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान साजिद चौधरी, रिफाकत खान डॉ. इरफान व वफाकत खान आदि मौजूद रहे।