नगर के यमुनापुरम में खुले में रखा रेत। स्त्रोत - प्रदूषण विभाग
बुलंदशहर। शहर में कूड़ा-कचरा जलने और धूल उड़ने से बुधवार को एक्यूआई 300 के करीब पहुंच गया। एक्यूआई बढ़ने पर जिले में ग्रैप का दूसरा चरण लागू कर दिया गया है। प्रदूषण विभाग ने खुले में रोड़ी-बदरपुर और रेत रखने वाले 15 बिल्डिंग मैटेरियल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी कर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
दिवाली से पूर्व ही शहर का एक्यूआई 300 के करीब पहुंच गया है। बुधवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 267 मापा गया। एक्यूआई बढ़ने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सभी विभागों को वायु प्रदूषण से बचाव को लेकर प्रयास करने के निर्देश दिए है। साथ ही निकाय को जर्जर सड़कों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव कराने को कहा है। क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी सपना श्रीवास्तव के निर्देश पर एएसओ गीतेश चंद्रा ने खुले में कच्चा माल स्टोर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान शुरू कर दिया है।
एएसओ गीतेश चंद्रा ने बताया कि यमुनापुरम में मै. चौधरी बिल्डिंग मैटेरियल, मै. अशोक बिल्डिंग मैटेरियल, मै. नीटू बिल्डिंग मैटेरियल, ट्रांसपोर्ट नगर में मै. मुकेश बिल्डिंग मैटेरियल, मै. अजय बिल्डिंग मैटेरियल, बीसा कॉलोनी में मै. मौसीम बिल्डिंग मैटेरियल, डीएम रोड पर मै. नीलम ट्रेडिंग कंपनी, एआरटीओ ऑफिस के सामने मै. गनिबन ट्रेडर्स, गांव बदनौरा में मै. बलराम कृष्णा इंटरप्राइजेज, खुर्जा में जीटी रोड पर मै. सोलंकी बिल्डिंग मैटेरियल, मै. वीके ट्रेडर्स, मै. बीएस ट्रेडर्स और मै. जय विजय बिल्डिंग मैटेरियल संचालक को ग्रैप की गाइड लाइन का उल्लंघन करने पर नोटिस जारी किया गया है। इन दुकानों पर खुले में कंस्ट्रक्शन मैटेरियल रखा हुआ मिला।
शहर में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वायु प्रदूषण को बढ़ावा देने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय टीम ने 15 बिल्डिंग मैटीरियल स्टोर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। - सपना श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी