जनपद बम-बम भोले के जयकारों के गुंजायमान है। सोमवार को शिवरात्रि के मद्देनजर जिले के सभी मंदिरों और शिवालयों में जलाभिषेक की तैयारी पूरी की जा चुकी है। रविवार को हरिद्वार से शिवभक्त झांकियों और जत्थों के संग अपने गंतव्य पहुंच गए।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से हरिद्वार से कांवड़ लेने जाने वाले शिवभक्तों का जाना-जाना जारी रहा। जिले में जगह-जगह सेवा शिविर लगाकर कांवड़ियों की सेवा की गई जो रविवार शाम तक जारी रही। हरिद्वार से आने वाले शिवभक्त झांकियों और जत्थों के संग वापस अपने गंतव्य को लौटे। इस दौरान जिले के मार्गों पर बम-बम भोले की गूंज रही और भक्त नाचते-झूमते हुए चल रहे थे।
वहीं, खुर्जा में सुबह से ही बम-बम भोले के जयकारों के साथ कांवड़ियों के लौटने का सिलसिला जारी रहा। नगर स्थित हाइवे पर नेहरूपुर चुंगी, अगवाल फाटक, पालिटेकिभनक के सामने आदि स्थानों पर बने कांवड़ शिविरों में कांवड़िए भोजन और विश्राम के बाद अपने क्षेत्र में रवाना हो रहे हैं।
नगर के प्राचीन मंदिर सिद्धेश्वर नाथ समेत अन्य शिवालयों में जलाभिषेक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उधर, सिकंराबाद में हरिद्वार के गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों से पूरा शहर हर-हर बम-बम की ध्वनि से गूंज उठा। जगह-जगह लगे शिविरों में कांवड़ियों का भारी हुजूम दिखाई दिया। जहां उनके ठहरने और जलपान की पूरी व्यवस्था की गई थी। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही। सोमवार को जगह-जगह शिवालयों पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।