सिकंदराबाद। नगर के 25 वार्डों में बसने वाली एक लाख से अधिक आबादी को अब निर्बाध जलापूर्ति मिलेगी। पालिका नगर जर्जर लाइनों की मरम्मत के साथ ही नई पाइप लाइनों को डालने का कार्य कर रही है।
पाइप लाइन पुरानी हो जाने के कारण बहुत से स्थानों पर टूट गई है। इसके चलते अक्सर जल रिसाव के कारण आपूर्ति प्रभावित होती है। वहीं पालिका परिसीमन के दौरान पालिका क्षेत्र में शामिल की गईं एसडीएम कॉलोनी, टीचर्स कॉलोनी, हीरा कॉलोनी, शिवाजी नगर, सलेमपुर रोड, आजाद नगर आदि के संपूर्ण क्षेत्र में पाइप लाइन नहीं होने के कारण भी सभी कॉलोनियों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
ईओ शिव कुमार ने बताया कि नगरवासियों को निर्बाध जलापूर्ति के लिए नगर की जर्जर पाइप लाइनों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। जिन कॉलोनी में पाइप लाइन नहीं है या कार्य अधूरा है, उन कॉलोनियों में नई पाइप लाइन डाली जा रही है। जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।