कृमि मुक्ति दिवस पर एलबेंडाजोल दवा खाने से बिगड़ी बच्चों की हालत में अब सुधार है। बीते दिन मेडिकल आबजर्वेशन में रखे गए आठ बच्चों को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हालांकि सीएमओ ने बीमार बच्चों की निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की रिपोर्ट अब शासन को भेजी जाएगी।
शिकारपुर के गांव खखूंड़ा में कृमि मुक्ति दिवस के दौरान एलबेंडाजोल की दवाई खाने से करीब 38 बच्चे बीमार हो गए थे। इन बच्चों को पेट दर्द, सिर दर्द, जी मचलाना आदि की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जिला मुख्यालय से वरिष्ठ अफसरों की टीम ने बच्चों की जांच की थी तो पाया था कि एलबेंडाजोल दवा के रिएक्शन से बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी। आठ बच्चों को अस्पताल में भर्ती रखा गया था।
शनिवार को सभी बच्चों की हालत सामान्य होने के बाद इन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि इन बच्चों की निगरानी रखने के निर्देश चिकित्सकों को दिए गए हैं। इन बच्चों की रिपोर्ट शासन को भी भेजी जाएगी।