बुलंदशहर। शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बाईपास समेत करीब दो हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुमोदन कर दिया। मुख्यमंत्री ने सोमवार को मेरठ में जिले के सातों विधायकों के साथ बैठक की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग और विधायकों के प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री ने चर्चा करते हुए विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए तैयार किए गए प्रस्तावों को स्वीकृति दी।
सदर विधायक प्रदीप चौधरी के प्रस्ताव पर शहर में करीब 480 करो़ड़ रुपये की लागत से बाईपास का निर्माण कराया जाना है। मुख्यमंत्री के अनुमाेदन के बाद लोगों को अब उम्मीद जगी है। अब शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलते ही अगले तीन माह में बाईपास निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
सिकंदराबाद और डिबाई में बाईपास निर्माण के साथ जिले में 235 अन्य विकास कार्यों को भी अनुमोदित किया गया है। विधायक प्रदीप चौधरी ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में करीब 707.87 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने अनुमोदित किया है।
लोक निर्माण विभाग के तीनों खंडों ने विधायकों से प्रस्ताव लेकर करीब 2019 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजी थी। मेरठ में सोमवार को मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान कार्ययोजना को अनुमोदित कर दिया गया। अब केवल शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलनी शेष है।
दोनों नहरों पर पुल निर्माण के लिए भी अनुमोदन : नेशनल हाईवे 34 से भूड़ चौराहा को जोड़ने वाले लिंक रोड के चौड़ीकरण का कार्य फिलहाल अधर में लटका है। इस मार्ग पर पड़ने वाली दोनों नहरों पर भी पुल बनाया जाना है। इसका प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदित कर दिया है। हालांकि अभी तक चौड़ीकरण के कार्य को फिर से शुरू कराने के लिए शासन की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है।