बुलंदशहर। जनपद में मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट स्कूल का निर्माण होगा। इसके लिए डिबाई क्षेत्र के गांव अहमदगढ़ के पास जमीन चिह्नित कर ली गई है। इसके निर्माण पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्कूल में कक्षा एक से 12वीं की शिक्षा मिलेगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि शासन से जिले को मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट स्कूल की सौगात मिली है। इसमें पूरी व्यवस्था हाइटेक रहेगी। स्कूल में दिव्यांग शौचालय, लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, साइंस और रोबोटिक्स के बारे में सीखने के लिए मॉड्यूलर कंपोजिट लैब, स्मार्ट क्लास का निर्माण किया जाएगा।
स्कूल में बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान दिया जाएगा। खेलकूद उपकरण और औषधि गाॅर्डन तैयार किया जाएगा। स्कूल के अंदर न्यूट्रीशन गार्डन, वाई-फाई के साथ ही ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरे से मॉनीटरिंग की सुविधा भी होगी। स्कूल में मॉड्यूलर डेस्क और बच्चों को ध्यान में रखकर फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों इस तरह के स्कूल सभी तहसीलों में बनाए जाएंगे।